उत्तराखण्ड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार का ईनामी अपराधी व शूटर गुरप्रीत उर्फ गोपी रामनगर से गिरफ्तार

उत्तराखण्ड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार का ईनामी अपराधी व शूटर गुरप्रीत उर्फ गोपी रामनगर से गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और कोतवाली रामनगर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में गुरुवार को 10 हजार रुपये के ईनामी और शूटर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया गया। यह शातिर अपराधी दो राज्यों के चार न्यायालयों द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था और बीते पांच वर्षों से फरार था। गुरप्रीत वर्ष 2016 में रुद्रपुर में हुए छोटे प्रधान हत्याकांड तथा 2017 में रामनगर में पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त था।

पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देश पर इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसएसपी एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के निकट पर्यवेक्षण में एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट द्वारा टीम गठित की गई थी। तकनीकी व फिजिकल सर्विलांस के माध्यम से एक माह की सतत निगरानी के बाद एसटीएफ टीम को सफलता मिली।

गुरुवार दोपहर एसटीएफ को सूचना मिली कि गुरप्रीत रामनगर क्षेत्र में है। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस को साथ लेकर इलाके में जाल बिछाया गया और घेराबंदी के बाद उसे धर दबोचा गया। आरोपी के विरुद्ध उत्तराखण्ड और पंजाब में हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे रामनगर थाने में दाखिल कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना संबंधित उत्तराखण्ड और पंजाब पुलिस थानों को भेज दी गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त: गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र अवतार सिंह निवासी मनतारापुर, थाना हस्तिनापुर, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश)

देवभूमि खबर

Related articles