धर्मान्तरण की साजिश में 05 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज , इन्स्टाग्राम के जरिए की जा रही थी साजिश, यूपी ATS और STF की संयुक्त कार्रवाई
देहरादून। उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा आगरा में पंजीकृत धर्मान्तरण से जुड़े एक मामले में देहरादून के शंकरपुर, सहसपुर निवासी एक संदिग्ध अब्दुल रहमान की संलिप्तता सामने आने के बाद उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा धर्मान्तरण के प्रयास में 05 आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखण्ड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यूपी एटीएस ने एसएसपी देहरादून से सम्पर्क कर आगरा के मुकदमे की सूचनाएं साझा कीं। इस इनपुट के बाद एसएसपी देहरादून द्वारा एसपी देहात के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने उत्तराखण्ड एसटीएफ के तकनीकी सहयोग से कुछ संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी की निगरानी शुरू की। जांच के दौरान रानीपोखरी क्षेत्र की एक युवती की इंस्टाग्राम आईडी सामने आई, जो आरोपी के संपर्क में थी।
पुलिस टीम ने युवती से पूछताछ करते हुए धर्मान्तरण गिरोह की कार्यप्रणाली की जानकारी उसके परिजनों को दी। युवती के पिता राजकुमार बजाज निवासी दोनाली, घमण्डपुर, रानीपोखरी ने इस संबंध में थाना रानीपोखरी में तहरीर दी, जिसके आधार पर उत्तराखण्ड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
एसएसपी देहरादून लगातार आगरा पुलिस से सम्पर्क बनाए हुए हैं। अब तक उत्तराखण्ड में इस गिरोह की किसी अन्य गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन युवती के यूपी, गोवा और दिल्ली की कुछ संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी से सम्पर्क में होने की जानकारी सामने आई है। इन सूचनाओं पर टीमें उन स्थानों के लिए रवाना कर दी गई हैं।
देहरादून पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में धर्मान्तरण के साथ-साथ अवैध फंडिंग की संभावनाओं की भी जांच कर रही है। इस मामले को लेकर एसएसपी देहरादून एवं एसएसपी STF द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी गई।

