मुख्यमंत्री धामी का विजिलेंस को फ्री हैंड देना केवल एक ढकोसला है : गरिमा दसौनी

मुख्यमंत्री धामी का विजिलेंस को फ्री हैंड देना केवल एक ढकोसला है : गरिमा दसौनी
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विजिलेंस को भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘फ्री हैंड’ देने की घोषणा को केवल एक दिखावटी प्रयास बताया है। उन्होंने इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला बयान करार देते हुए कहा कि यह सिर्फ मीडिया में सुर्खियां बटोरने का जरिया है, जबकि जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर है।

प्रेस को संबोधित करते हुए गरिमा दसौनी ने कहा कि मुख्यमंत्री की कैबिनेट में शामिल मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति के गंभीर आरोप हैं, जिसकी जांच के लिए स्वयं विजिलेंस ने कैबिनेट से अनुमति मांगी थी। लेकिन सरकार ने न तो अनुमति दी और न ही इस मुद्दे को कभी कैबिनेट में चर्चा के लिए लाया। उन्होंने कहा कि जब सरकार अपने ही मंत्री पर लगे आरोपों की जांच को रोक दे, तो विजिलेंस को ‘फ्री हैंड’ देने की बात पर कोई कैसे भरोसा करेगा?

गरिमा ने भाजपा शासन में लगातार सामने आए घोटालों की ओर इशारा करते हुए कहा कि उद्यान विभाग में करोड़ों के घोटाले की पुष्टि स्वयं सीबीआई कर चुकी है। सैन्य धाम निर्माण में अपारदर्शिता और धन के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं। हरिद्वार भूमि घोटाले से लेकर यूपीसीएल में स्मार्ट मीटर घोटाले तक, और जल निगम में पत्नि के नाम पर बनाई गई फर्जी कंपनियों को ठेके देने जैसे मामले बताते हैं कि हर स्तर पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि 2017 से 2025 तक भाजपा को जबरदस्त बहुमत मिला, डबल इंजन से ट्रिपल इंजन की सरकारें बनीं, लेकिन किसी एक भी मंत्री, विधायक, सांसद या पार्षद को सजा नहीं हुई, न कोई जेल गया। क्या यही है भाजपा का ‘जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन’?

उन्होंने सवाल किया कि जब मुख्यमंत्री को पता है कि राज्य के हर विभाग में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार व्याप्त है, तब कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? गरिमा ने कहा कि विजिलेंस को फ्री हैंड देने की बात केवल एक नाटक है, जिससे जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जो ताबड़तोड़ भ्रष्टाचार और उगाही हो रही है, वह इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों को सरकार और प्रशासन से अब कोई डर नहीं रहा है। सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है और उसकी सीधी मार गरीब और मासूम जनता झेल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इन सबका जवाब समय आने पर वोट की चोट से देगी।

देवभूमि खबर

Related articles