कांग्रेस शिष्टमंडल ने डीएम टिहरी से की मुलाकात, पंचायत चुनाव में सत्ता पक्ष की मनमानी पर जताई कड़ी नाराजगी

कांग्रेस शिष्टमंडल ने डीएम टिहरी से की मुलाकात, पंचायत चुनाव में सत्ता पक्ष की मनमानी पर जताई कड़ी नाराजगी
Spread the love

नई टिहरी। जिला कांग्रेस कमेटी का एक शिष्टमंडल आज जिलाध्यक्ष राकेश राणा के नेतृत्व में जिलाधिकारी टिहरी से मिला। शिष्टमंडल ने टिहरी जिले की वर्तमान परिस्थितियों को लेकर गहरी चिंता जताई और जिलाधिकारी को जिले की जनभावनाओं से अवगत कराया। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई रिटर्निंग अधिकारियों ने निष्पक्षता की बजाय सत्ता पक्ष के प्रति झुकाव दिखाते हुए अन्य प्रत्याशियों के नामांकन पत्र बिना ठोस आधार के निरस्त कर दिए।

शिष्टमंडल ने जौनपुर ब्लॉक की भूतसी जिला पंचायत सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक महिला प्रत्याशी, जो जनता की आवाज थी, का नामांकन गलत ढंग से रद्द किया गया। बाद में माननीय उच्च न्यायालय से उन्हें चुनाव लड़ने और चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने का आदेश मिला। इस पूरी घटना ने प्रदेश भर में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गहरा प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि आने वाले पंचायत चुनावों में निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि लोकतंत्र की मूल भावना बनी रह सके। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई को रोका जाए और सभी प्रत्याशियों को समान अवसर दिया जाए।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा के साथ शांति प्रसाद भट्ट, ज्योति प्रसाद भट्ट, आनंद सिंह बेलवाल, जयवीर सिंह रावत, आशा रावत, देवेंद्र नौडियाल, ममता उनियाल, नवीन सेमवाल आदि कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles