पंचायत चुनाव से पहले चमोली पुलिस का एक्शन मोड, दो मामलों में 26 पेटी अवैध शराब बरामद
चमोली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव–2025 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार के नेतृत्व में जिलेभर में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 26 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई कोतवाली चमोली क्षेत्र में 18 जुलाई 2025 को की गई, जहां चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या UK11 TA 1688 (आल्टो कार) को रोका। तलाशी लेने पर उसमें 12 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पाई गई। इस मामले में पुलिस ने ग्राम बूरा, थाना नंदानगर घाट निवासी विक्रम प्रसाद पुत्र उदयराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली चमोली में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण, कांस्टेबल सुनील चौहान, अनिल रान्टा और अंकित शामिल रहे।
दूसरी कार्रवाई 19 जुलाई 2025 को थाना थराली क्षेत्र में की गई, जहां ग्राम उंग-बैंड-कुराड़ रोड के पास चेकिंग के दौरान एक मारुति ईको वाहन (UK11 TA 2721) से 14 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। वाहन में सवार कुंवर सिंह पुत्र लखपत सिंह, निवासी ग्राम चेपड़ो, थाना थराली, उम्र 34 वर्ष को मौके पर गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना थराली में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी नारायणबगड़ भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल दीपक नेगी, संदीप सिंह और होमगार्ड दुर्लभ सिंह शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार ने स्पष्ट किया है कि पंचायत चुनाव के दौरान जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शराब तस्करी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां और चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त निगरानी और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
चमोली पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो वह तुरंत निकटतम पुलिस थाने में सूचित करें। जनपद में शांति, सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

