खसरा-रूबेला उन्मूलन के लिए तीन चरणों में चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान, 5 वर्ष तक के बच्चों को लगेगी वैक्सीन
देहरादून।वर्ष 2026 तक जिले से खसरा और रूबेला जैसी जानलेवा बीमारियों के पूर्ण उन्मूलन के उद्देश्य से जिले में तीन चरणों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की तैयारी को लेकर शनिवार को एनआईसी सभागार में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई, जिसमें अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि खसरा-रूबेला उन्मूलन अभियान भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, और इसके अंतर्गत पांच वर्ष तक की आयु के उन बच्चों को टीका लगाया जाएगा, जो अब तक इससे वंचित रह गए हैं। साथ ही, ऐसे रोगियों की भी पहचान की जाएगी, जिन्हें बुखार के साथ लाल चकत्तेदार दाने निकलते हैं, ताकि उनका उचित उपचार हो सके।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान ने बताया कि खसरा और रूबेला वैक्सीन बच्चों को न केवल इन बीमारियों से बचाती है, बल्कि उनसे होने वाली गंभीर जटिलताओं जैसे दस्त, निमोनिया और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता से भी सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि विशेष टीकाकरण सप्ताह तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहला चरण 21 जुलाई से 31 जुलाई, दूसरा चरण 19 अगस्त से 29 अगस्त और तीसरा चरण 18 सितम्बर से 29 सितम्बर 2025 तक चलाया जाएगा। इन सप्ताहों में नियमित टीकाकरण से छूटे सभी बच्चों को प्रतिरक्षित किया जाएगा।
बैठक में सभी ब्लॉकों के चिकित्सा अधिकारियों, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों और सहयोगी विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अभियान को सफल बनाने हेतु समन्वित प्रयासों का संकल्प लिया।

