HTML tutorial
HTML tutorial

शांतिपूर्ण त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बाजपुर ब्लॉक के 970 मतदान कार्मिकों को द्वितीय प्रशिक्षण

शांतिपूर्ण त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बाजपुर ब्लॉक के 970 मतदान कार्मिकों को द्वितीय प्रशिक्षण
Spread the love

रुद्रपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय सामान्य पंचायत निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को गांधी हॉल पंतनगर में बाजपुर ब्लॉक के 970 मतदान कार्मिकों को द्वितीय सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण दो पालियों में मास्टर ट्रेनर नरेश दुर्गापाल, हरीश दनाई, संजीव बुधौरी व प्रभुदयाल ममगाईं द्वारा दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर बाजपुर डॉ. आशुतोष जोशी ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया निर्वाचन की रीढ़ होती है और इसमें कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और टीम भावना से कार्य करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि इस बार चार पदों—जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व वार्ड सदस्य—के लिए मतदान कराया जाएगा, अतः अतिरिक्त सावधानी आवश्यक है।

मास्टर ट्रेनर नरेश दुर्गापाल ने कहा कि मतदान स्थल पर स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना पीठासीन और मतदान अधिकारियों की ज़िम्मेदारी है। पीठासीन अधिकारियों को उनकी हस्तपुस्तिका में दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों का पूरा अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कार्मिकों से प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं का समाधान कर लेने की सलाह दी, जिससे मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अन्य मास्टर ट्रेनर—हरीश दनाई, संजीव बुधौरी और प्रभुदयाल ममगाईं—ने कहा कि मतदान अधिकारी समन्वय एवं अनुशासन बनाए रखते हुए पारदर्शिता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि मतपेटियों को खोलने और बंद करने की प्रक्रिया का गहन अभ्यास करें और पेपर सील की जाँच व सावधानीपूर्वक सीलिंग की जाए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

Ask ChatGPT

देवभूमि खबर

Related articles