मुख्यमंत्री धामी ने राज्य आपदा परिचालन केंद्र से अतिवृष्टि की स्थिति का लिया जायजा, सभी जिलाधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईटी पार्क स्थित राज्य आपदा परिचालन केन्द्र पहुंचकर प्रदेशभर में हो रही अतिवृष्टि की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद कर जनपदों में बारिश की स्थिति, सड़क संपर्क, चारधाम और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं, विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून सीजन में सभी अधिकारी पूरी तरह से 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए यह सुनिश्चित किया जाए कि बारिश से संबंधित पूर्वानुमान की जानकारी जनता तक तत्काल पहुंचे। उन्होंने जिला, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बारिश के चलते बाधित सड़कों को शीघ्र बहाल करने, संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रिस्पांस टाइम न्यूनतम करने के निर्देश दिए ताकि जनजीवन प्रभावित न हो। उन्होंने पर्वतीय जिलों में खाद्यान्न, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को भी कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में असुविधा न हो इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को जन सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी जनपद से करंट लगने की घटनाएं सामने न आएं। उन्होंने पुलों के सेफ्टी ऑडिट की पुनः पुष्टि करते हुए शहरी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के भी निर्देश दिए।
नदियों के जल स्तर की नियमित निगरानी करने और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को मौसम अपडेट देने के निर्देश भी दिए गए। यातायात प्रभावित होने की स्थिति में श्रद्धालुओं के लिए ठहराव स्थलों पर भोजन, पानी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
इस अवसर पर सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनन्द स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

