चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन मोड, डीजीपी ने ली तैयारियों की समीक्षा
देहरादून। उत्तराखण्ड में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के प्रथम चरण को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ द्वारा सरदार पटेल भवन, देहरादून में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के दोनों परिक्षेत्र एवं समस्त जनपद प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था एवं निर्वाचन के पुलिस नोडल अधिकारी, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. नीलेश आनन्द भरणे द्वारा राज्य भर में पंचायत चुनाव की पुलिस तैयारियों, फोर्स की तैनाती, संवेदनशील बूथों आदि के संबंध में पुलिस महानिदेशक को अवगत कराया गया, साथ ही सभी जनपदों द्वारा भी अपने क्षेत्र की रिपोर्ट साझा की गई।
पुलिस महानिदेशक ने आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, मौसम की निगरानी, पोलिंग पार्टियों की समय पर तैनाती, कांवड़ यात्रा से चुनाव ड्यूटी के लिए बल की वापसी, चुनाव बहिष्कार से जुड़ी स्थानीय सूचनाओं का त्वरित समाधान, अतिरिक्त बल की आवश्यकता अनुसार नोडल अधिकारियों को अवगत कराने, एसडीआरएफ की समन्वित सतर्कता, अति संवेदनशील बूथों के निरीक्षण, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी और विधिक कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण निर्देश दिए। डीजीपी ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण पर्व है और प्रत्येक मतदाता को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में मतदान का अवसर उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या व्यवधान डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब तक की गई निरोधात्मक कार्रवाई के अंतर्गत राज्य में 20,400 लीटर अवैध शराब जिसकी अनुमानित कीमत 1.32 करोड़ रुपये है, और 145 किलोग्राम मादक पदार्थ जिसकी अनुमानित कीमत 13.70 करोड़ रुपये है, बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त 2,778 मामलों में कुल 20,288 व्यक्तियों का चालान किया गया है, जिनमें से 7,682 व्यक्तियों को पाबंद किया गया है। राज्य में लगभग 86 प्रतिशत लाइसेंसी शस्त्र जनपदों में जमा कराए जा चुके हैं।
बैठक में श्रीमती विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय, डॉ. नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था/नोडल अधिकारी निर्वाचन, श्री के.एस. नाग्न्याल, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा, श्री मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा, श्री अरुण मोहन जोशी, पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ, डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक, श्री राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, श्री धीरेन्द्र सिंह गुन्ज्याल, पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था एवं श्री अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, श्रीमती कमलेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था उपस्थित रहे। वहीं जनपदों से ऑनलाइन माध्यम से पुलिस महानिरीक्षक कुमायूं परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल सहित सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक बैठक में सम्मिलित हुए।

