उत्तराखंड में UCC लागू करना जनता का सम्मान: मुख्यमंत्री

उत्तराखंड में UCC लागू करना जनता का सम्मान: मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने पर आयोजित सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड की जनता का है, जिनके आशीर्वाद से राज्य में समान नागरिक संहिता का सपना साकार हो सका।

मुख्यमंत्री ने कहा कि UCC लागू कर राज्य सरकार ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में सभी नागरिकों के अधिकार समान हो गए हैं और यह संहिता समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा पर बल देते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता में लिव-इन रिलेशनशिप के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता की दिशा में एक मजबूत कदम है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि समान नागरिक संहिता की यह गंगा उत्तराखंड से शुरू होकर पूरे देश में प्रवाहित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान दिवस (26 नवम्बर) को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जा रहा है और बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े स्थलों को राष्ट्र चेतना के पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सख्त दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून और ऑपरेशन कालनेमि जैसे कठोर निर्णय लेकर राज्य की डेमोग्राफी को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया है।

समारोह में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री भगत सिंह कोश्यारी, साध्वी रेणुका, स्वामी निरंजन चैतन्य महाराज, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री विनय रुहेला, विधायक श्री सुरेश गड़िया, उत्तर प्रदेश के सफीपुर (उन्नाव) से विधायक श्री बंबा लाल दिवाकर समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles