प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश: मुख्यमंत्री धामी

प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश: मुख्यमंत्री धामी
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरिद्वार स्थित मनसा देवी एवं चंडी देवी मंदिर, टनकपुर स्थित पूर्णागिरि धाम, नैनीताल के कैंची धाम, अल्मोड़ा के जागेश्वर मंदिर, पौड़ी के नीलकंठ महादेव मंदिर समेत अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के पंजीकरण, पैदल मार्गों और सीढ़ियों के चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन अनुभव देने के लिए सभी उपाय किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने दोनों मंडलों के आयुक्तों की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश भी दिए, जिसमें संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि सदस्य होंगे।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मनसा देवी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिर परिसरों के सुव्यवस्थित विकास, धारणा क्षमता बढ़ाने और दुकानों के बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का पंजीकरण अनिवार्य किया जाए और दर्शन की व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से की जाए ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे और किसी को असुविधा न हो।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री एस.एन. पांडेय, सचिव एवं आयुक्त गढ़वाल श्री विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक श्री ए.पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles