भीमताल में 25.84 करोड़ की लागत से बने पीएम केंद्रीय विद्यालय भवन का सांसद अजय भट्ट ने किया लोकार्पण

भीमताल में 25.84 करोड़ की लागत से बने पीएम केंद्रीय विद्यालय भवन का सांसद अजय भट्ट ने किया लोकार्पण
Spread the love

रिपोर्ट – ललित जोशी।

नैनीतालसरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 22 किलोमीटर दूर भीमताल में नव निर्मित पीएम केंद्रीय विद्यालय भवन का लोकार्पण सांसद अजय भट्ट ने किया। यह भवन 25 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने पारंपरिक लोक संस्कृति पर आधारित वंदना, स्वागत गीत, छोलिया नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के विभिन्न राज्यों में बनाए गए केंद्रीय विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया तथा सभी कार्यक्रमों को संबोधित किया।

सांसद अजय भट्ट ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालयों में पढ़े छात्र देश के प्रमुख संस्थानों में कार्य कर राष्ट्र सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारतीय मूल्यों, ज्ञान एवं वैदिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “विद्या विनय सिखाती है, ज्ञान लाती है और सर्वोत्तम बनाती है।” उन्होंने छात्रों से मेहनत और लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करने की अपील की।

इस अवसर पर उन्होंने भीमताल में पीएम केंद्रीय विद्यालय भवन के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार भी जताया।

कार्यक्रम में विधायक राम सिंह कैड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, देहरादून संभाग के सहायक आयुक्त सुरजीत सिंह, विद्यालय प्राचार्य अंजू सिंह, ललित मोहन बिष्ट, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles