हरिद्वार में सिटी से देहात तक छापेमारी, 44 फर्जी बाबा हिरासत में

हरिद्वार में सिटी से देहात तक छापेमारी, 44 फर्जी बाबा हिरासत में
Spread the love

हरिद्वार। धार्मिक नगरी हरिद्वार में श्रद्धा और आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाले ढोंगी बाबाओं के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए 44 बहरूपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य ऐसे फर्जी साधु-संतों को चिन्हित कर जनता को ठगने से रोकना है जो तंत्र-मंत्र, जादू-टोना और अंधविश्वास फैलाकर मासूम श्रद्धालुओं को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से नुकसान पहुँचा रहे हैं।

हरिद्वार के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आज सुबह एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस ने कोतवाली गंगनहर, मंगलौर, कलियर, भगवानपुर और खानपुर थाना क्षेत्रों में दबिश देकर फर्जी बाबाओं को हिरासत में लिया। ये सभी बाबा तरह-तरह के चमत्कार और टोने-टोटके का दावा कर लोगों को ठगने में लिप्त थे।

  • कोतवाली गंगनहर – 24
  • कोतवाली मंगलौर – 11
  • थाना कलियर – 06
  • थाना भगवानपुर – 02
  • थाना खानपुर – 01

पुलिस ने मौके पर इन सभी बाबाओं का सत्यापन किया, तथा जिनके दस्तावेज और गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सभी व्यक्ति साधु-संतों का भेष धरकर आमजन को झूठे चमत्कारों, झाड़-फूंक और अवैज्ञानिक तरीकों से बहका रहे थे। कई के पास कोई वैध पहचान या धार्मिक संस्था से संबंध नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि इनका कोई स्थायी निवास या धार्मिक पृष्ठभूमि नहीं है।

एसएसपी ने कहा,हरिद्वार जैसे पवित्र धार्मिक स्थल की आस्था और छवि को ठगों और बहरूपियों से बचाना हमारी प्राथमिकता है। ऑपरेशन कालनेमी इसी दिशा में उठाया गया ठोस कदम है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles