प्रसव के दौरान दो महिलाओं की मौत, अस्पताल की लापरवाही से जुड़ा मामला—माँ गंगा मैटरनिटी एण्ड आई केयर अस्पताल सील
हरिद्वार। माँ गंगा मैटरनिटी एण्ड आई केयर अस्पताल में प्रसव के दौरान दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो जाने के मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। प्रथम दृष्टया अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया है।
दिनांक 03 अगस्त 2025 को टीनू पुत्र नाथीराम, निवासी ननोता (सहारनपुर), हाल निवासी सलेमपुर, सिडकुल ने अपनी गर्भवती पत्नी मीनाक्षी (उम्र 30 वर्ष) को सुबह 10 बजे प्रसव के लिए उक्त अस्पताल में भर्ती कराया था। दोपहर 12 बजे उसकी डिलीवरी हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने माँ और बच्चे दोनों को स्वस्थ बताया। लेकिन शाम चार बजे मीनाक्षी को खून की कमी होना बताकर खून चढ़ाया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मृत्यु हो गई।
इसी दिन, मोंटी पुत्र सुमन, निवासी नारसन खुर्द, रुड़की, ने भी अपनी गर्भवती पत्नी खुशबू को सुबह 9:30 बजे उसी अस्पताल में भर्ती कराया। ऑपरेशन के कुछ समय बाद खुशबू की भी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी भी मृत्यु हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत करते हुए दोनों महिलाओं के शवों को मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई आज 04 अगस्त को जिला अस्पताल में की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया है। प्राथमिक जांच में चिकित्सकों व स्टाफ की लापरवाही का आरोप स्पष्ट हुआ है। दोनों मृतकों के परिजनों की तहरीर पर थाना बहादराबाद में डॉक्टरों व स्टाफ के विरुद्ध दो मुकदमे—मु0अ0स0 311/25 व 312/25, धारा 106(1) BNS के अंतर्गत दर्ज किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में अग्रिम जांच जारी है।


