उत्तरकाशी आपदा: पुलिस मुख्यालय में कंट्रोल रूम और विशेष प्रकोष्ठ गठित, दो-दो घंटे में रिपोर्ट अनिवार्य

उत्तरकाशी आपदा: पुलिस मुख्यालय में कंट्रोल रूम और विशेष प्रकोष्ठ गठित, दो-दो घंटे में रिपोर्ट अनिवार्य
Spread the love

देहरादून। उत्तरकाशी के धराली, सुक्की टॉप और हर्षिल क्षेत्रों में आई भीषण दैवीय आपदा को देखते हुए पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम और आपदा प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य आपदा राहत और रेस्क्यू कार्यों के समुचित समन्वय एवं निगरानी को सुनिश्चित करना है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था की पर्यवेक्षण में गठित इस कंट्रोल रूम में कुल 10 वरिष्ठ अधिकारी व कार्मिक शामिल किए गए हैं। इनका कार्य क्षेत्रीय कंट्रोल रूम (उत्तरकाशी, हर्षिल) के साथ समन्वय स्थापित करते हुए हर दो घंटे में सिचुएशन रिपोर्ट तैयार करना, रेस्क्यू टीमों की जानकारी संकलित करना, एवं विभिन्न स्टेकहोल्डर्स जैसे GMVN, ITBP, NDRF, Army, SDRF, IMD, PWD, पर्यटन आदि से सूचनाएं एकत्र कर पुलिस मुख्यालय को भेजना होगा।

इसके अतिरिक्त, राज्य आपदा परिचालन केन्द्र (IT पार्क) से सूचनाएं संकलन हेतु श्री मनीष रावत, निरीक्षक, प्रभारी खेल शाखा एवं थाना राजपुर के दो आरक्षियों को तैनात किया गया है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी को भी जनपद स्तर पर पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशन में कंट्रोल रूम स्थापित कर आवश्यक स्टाफ की तैनाती करने और दो-दो घंटे में सूचना भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, हैलीपैड्स पर राहत सामग्री व जनशक्ति की निर्बाध आपूर्ति के लिए जौलीग्रान्ट, सहस्त्रधारा और चिन्यालीसौड़ हैलीपैड पर तीन वरिष्ठ अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। इनका कार्य राहत एवं बचाव सामग्री की सुचारु व्यवस्था और समन्वय स्थापित करना होगा।

देवभूमि खबर

Related articles