देहरादून को जल्द मिलेगी महिला समूह संचालित राज्य की पहली ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधा

देहरादून को जल्द मिलेगी महिला समूह संचालित राज्य की पहली ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधा
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री की प्रेरणा और निर्देशन में देहरादून शहर में पार्किंग और यातायात समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बताया गया कि राज्य की पहली महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित परेड ग्राउंड ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधा को शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

यह पार्किंग सुविधा आधुनिक तकनीक, चौबीसों घंटे सुरक्षा, महिला गार्ड और नि:शुल्क लग्जरी ईवी शटल सेवा से युक्त होगी। प्रत्येक पांच मिनट में ईवी शटल सेवा परेड ग्राउंड से सुभाष रोड, घंटाघर, एस्लेहॉल, राजपुर और सचिवालय रोड तक चलेगी, जिससे इन मुख्य स्थानों को वाहन घेरा मुक्त किया जाएगा।

महिला आर्थिक सशक्तिकरण और यातायात सुधार को जोड़ते हुए, परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट और कोरोनेशन जैसी जगहों पर ऑटोमेटेड पार्किंग का संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। इसमें पार्किंग अटेंडेंट, वाहन चालक और गार्ड की सुविधा के साथ-साथ पार्किंग तक लाने-ले जाने हेतु नि:शुल्क शटल सेवा भी प्रदान की जाएगी।

पुलिस व प्रशासन ने यह भी तय किया कि जहां-तहां वाहन खड़े कर सवारी चढ़ाने-उतारने वालों पर प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी। आईएसबीटी और आशारोड़ी ब्लैक स्पॉट पर साइनेज और ट्रैफिक सुधार के कार्यों की मौके पर ही स्वीकृति दी गई है।

जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, आरटीओ, और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर को व्यापारिक संगठनों, टैक्सी एसोसिएशन आदि के साथ बैठक कर विस्तृत सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि व्यापारिक संस्थानों और आमजन को सुविधा के अनुसार पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में शहर की वाहन पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, घंटाघर क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण, आईएसबीटी में साइनेज कार्य, और आशारोड़ी ब्लैक स्पॉट के सुधारीकरण पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी,  संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ अनीता चमोला,   एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता (आरडब्ल्यूडी) विनीत कुरिल, पुलिस क्षेत्राधिकारी (यातायात) जगदीश पंत, नगर निगम सहित यातायात और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles