युवक आत्महत्या प्रकरण में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री गिरफ्तार

युवक आत्महत्या प्रकरण में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी। जनपद पौड़ी के ब्लॉक तलसारी गांव निवासी जितेन्द्र कुमार (32) की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त हिमांशु चमोली भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश मंत्री रह चुका है, जिसे घटना के बाद पार्टी ने पद से हटा दिया था।

घटना 21 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 8:45 बजे सामने आई, जब जितेन्द्र ने खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पौड़ी पुलिस मौके पर पहुँची और श्रीनगर से फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। घटनास्थल से गन, छर्रे, खून के नमूने सहित अन्य अहम सबूत बरामद हुए। एफएसएल जांच में मृतक के हाथों पर गन पाउडर की पुष्टि भी हुई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 44/2025 धारा 108 बीएनएसएस के तहत दर्ज किया गया और पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 20 अगस्त की रात मृतक अपने साथियों भगवान सिंह और सौरभ खंडूरी के साथ शिकार के लिए जंगल गया था। वापसी में गाड़ी सौरभ चला रहा था जबकि जितेन्द्र अगली सीट पर बैठा था। इसी दौरान उसने अपने मोबाइल का पासवर्ड सौरभ को भेजते हुए संदेश दिया – “मुझे माफ करना, मैं जा रहा हूं” और सुबह करीब 4 बजे खुद पर गोली चला ली। इससे पहले उसने आत्महत्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और अभियुक्त हिमांशु चमोली प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। रानीपोखरी क्षेत्र में 3.5 बीघा भूमि की एक डील में जितेन्द्र ने हिमांशु को लगभग ₹35 लाख दिए थे। न तो जमीन का सेटलमेंट हुआ और न ही पैसे वापस मिले। फोन पर भी आरोपी उससे बातचीत करने से बचता रहा। मृतक के मोबाइल से 6 और 18 अगस्त को बनाए गए दो आत्महत्या संबंधी वीडियो भी मिले, जिनसे पुष्टि हुई कि वह आर्थिक नुकसान के चलते मानसिक तनाव में था।

पुलिस पूछताछ में हिमांशु ने डील स्वीकार की लेकिन पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। पर्याप्त साक्ष्य और मृतक के आरोपों की पुष्टि होने पर अभियुक्त हिमांशु चमोली पुत्र जे.पी. चमोली, निवासी कैलाश कुंज, भानियावाला (डोईवाला, देहरादून) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पौड़ी पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles