दोगुना पैसा देने का झांसा देकर ₹3.30 करोड़ की ठगी, कथित डॉक्टर मास्टरमाइंड गुजरात से गिरफ्तार

पौड़ी।फर्जी निवेश योजना के जरिए लोगों को दोगुना पैसा देने का झांसा देकर ₹3.30 करोड़ की ठगी करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने कथित आरोपी डॉ. ज्योति श्रॉफ को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था और एसएसपी पौड़ी ने ₹1,500 का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2021-22 में जिगनेश श्रॉफ उर्फ मनीष शाह सहित अन्य आरोपियों ने श्री महाकाली ग्रुप कंपनी (SMGC) में निवेश के नाम पर पीड़ितों को करीब एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। विश्वास में आकर पीड़ित पक्ष ने कुल ₹3.30 करोड़ निवेश किए, लेकिन न तो लाभ मिला और न ही मूलधन वापस किया गया।
जांच में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक षड्यंत्र के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में धारा 467, 468, 471 एवं 120बी भादवि की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के मुताबिक डॉ. ज्योति श्रॉफ मुख्य आरोपी की बहन है और निवेशकों को प्रभावित कर निवेश के लिए प्रेरित करने में उसकी भूमिका सामने आई है।
मामले में अन्य आरोपियों चिंतन शाह और श्रीकांत परमार के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किए जा चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी जिगनेश श्रॉफ फरार बताया गया है। गुजरात में स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए पौड़ी पुलिस ने डॉ. ज्योति श्रॉफ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
