“सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, 50 हजार लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य”
हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में सहकारिता में सहकार की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकास भवन ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। इस अवसर पर मंत्री के साथ रानीपुर विधायक आदेश चौहान, सचिव सहकारिता डॉ. वी वी आर सी पुरुषोत्तम, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बैठक में सहकारिता मंत्री ने सभी सहकारिता समितियों के सचिवों और बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में नए इंपैक्शो के गठन की प्रगति की समीक्षा की और पैक्स कंप्यूटराइजेशन का डेटा एक माह के भीतर फीड करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि समितियों एवं बैंक प्रबंधकों द्वारा कार्य में प्रगति नहीं लाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसके लिए 22 कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। सहकारिता विभाग में पारदर्शिता लाने के लिए नियुक्तियों की प्रक्रिया आईपीसीएस के माध्यम से लिखित परीक्षा से कराई जाएगी, जबकि चतुर्थ श्रेणी की भर्ती आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाएगी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में “लखपति दीदी योजना” के तहत 50 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में सचिव सहकारिता डॉ. वी वी आर सी पुरुषोत्तम ने समितियों और बैंकों को अधिक से अधिक किसानों को ऋण उपलब्ध कराने और लोन की रिकवरी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक मिलजुलकर कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूर्ण करें। उन्होंने मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और इसके लिए एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ लक्ष्य को प्राप्त करने पर जोर दिया। कार्यक्रम से पूर्व “एक पेड़ मां के नाम” योजना के अंतर्गत विकास भवन परिसर में मंत्री और अतिथियों द्वारा रुद्राक्ष का पौधारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रबंध निदेशक प्रदीप मल्होत्रा, नोडल अधिकारी आनंद एडी शुक्ल, सहायक निबंधक सहकारिता पुष्कर पोखरिया सहित विभिन्न समितियों के सचिव, बैंक प्रबंधक, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

