भारी बारिश के बीच डीएम देहरादून का जनता दर्शन – 122 समस्याएं सुनीं, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

भारी बारिश के बीच डीएम देहरादून का जनता दर्शन – 122 समस्याएं सुनीं, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
Spread the love

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और भूमि, घरेलू विवाद, मुआवजा, पेयजल, एमडीडीए, नगर निगम, पुलिस, शिक्षा, रोजगार आदि से जुड़ी कुल 122 शिकायतें दर्ज कराई गईं। डीएम ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

सहसपुर की यशोदा देवी ने बैंक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए रजिस्ट्री न लौटाने की शिकायत की। इस पर डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी और डीसीबी के महाप्रबंधक को जांच कर तत्काल समाधान के निर्देश दिए। विधवा निशा कोहली की दीवार पर प्लास्टर न होने से करंट का खतरा बनने की शिकायत पर तहसीलदार को मौके पर जाकर 3 दिन में रिपोर्ट देने को कहा।

सोनम राजौरी ने बताया कि उनके पति मसूरी नगर पालिका में कार्यरत थे लेकिन 11 वर्ष बाद भी मृतक आश्रित का लाभ नहीं मिला। इस पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी से रिपोर्ट तलब की। वहीं कई फरियादियों ने बीमारी के उपचार, कन्या विवाह आर्थिक सहायता, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र जैसी समस्याएं रखीं।

भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हया-अलसी मोटर मार्ग की मरम्मत के निर्देश आपदा न्यूनीकरण विभाग को दिए गए। रामनगर कॉलोनीलाडपुर वार्ड में नदी का पुश्ता टूटने की समस्या पर सिंचाई विभाग से जल्द कार्य शुरू कराने को कहा गया। इंद्रापुरी में बरसाती नदी से घरों में पानी घुसने पर तत्काल निरीक्षण और प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए गए। सुसवा नदी किनारे अवैध कब्जों पर एसडीएम डोईवाला को जांच के निर्देश दिए गए।

एक बुजुर्ग गीता देवी ने किरायेदार से मारपीट और किराया न मिलने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं सतेश्वरी देवी की वृद्धावस्था पेंशन संबंधी समस्या पर समाज कल्याण अधिकारी को त्वरित कार्यवाही के निर्देश मिले।

इसके अलावा राइका अजबपुर कलां में जलभराव, डालनवाला आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली-पानी की समस्या, कुडियाल क्षेत्र पंचायत में हाई मास्क लाइट, और ग्राम कन्डोगल में नई पेयजल लाइन जोड़ने के मामले पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा, एसडीएम विनोद कुमार, डीडीओ सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौंडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles