दून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से लापता 02 नाबालिक बच्चों को 24 घंटे में दिल्ली से सकुशल किया बरामद

दून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से लापता 02 नाबालिक बच्चों को 24 घंटे में दिल्ली से सकुशल किया बरामद
Spread the love

देहरादून। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से लापता हुए दो नाबालिक बच्चों को दून पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर दिल्ली से सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। 04 सितंबर की रात्रि को नेहरू कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने थाना नेहरू कॉलोनी पर सूचना दी थी कि उसकी 11 वर्षीय पुत्री तथा पड़ोस का 10 वर्षीय बच्चा बिना बताए घर से कहीं चले गए हैं। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0स0-311/25 धारा 137(2) BNS पंजीकृत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने तत्काल एक पुलिस टीम गठित कर बच्चों की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बच्चों के घर और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों बच्चों की फोटो को पड़ोसी जनपदों व राज्यों में प्रसारित किया और बच्चों के साथियों व परिचितों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस की त्वरित कार्यवाही और अन्य राज्यों की पुलिस से बेहतर समन्वय के चलते थाना पहाड़गंज पुलिस, दिल्ली की सहायता से दोनों नाबालिक बच्चों को रेलवे स्टेशन पहाड़गंज से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे घूमने के इरादे से घर से निकले थे और रेलवे स्टेशन पर मसूरी एक्सप्रेस देखकर उसमें सवार हो गए तथा घरवालों को बिना बताए दिल्ली पहुंच गए। दून पुलिस की इस संवेदनशीलता और तत्परता से परिजन राहत महसूस कर रहे हैं।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 धनीराम पुरोहित, चौकी प्रभारी फव्वारा चौक, का0 श्रीकांत ध्यानी और का0 अर्जुन सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles