HTML tutorial
HTML tutorial

10 हजार रुपये के विवाद में साथी की हत्या, कर्णप्रयाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा

10 हजार रुपये के विवाद में साथी की हत्या, कर्णप्रयाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा
Spread the love

कर्णप्रयाग। चमोली जनपद के ग्राम सेमी में 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। कर्णप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से ग्राम सेमी में दो व्यक्तियों के बीच झगड़े और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां सुमित कुमार (28), पुत्र सौनाथ, निवासी कलापुर बुजुर्ग, थाना कीरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, पानी की टंकी के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस ने उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार ने सुमित पर डंडे से हमला किया और इसके बाद फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपी सुनील कुमार को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास दो खच्चर हैं और वह पिछले 15 से 20 दिनों से सुमित कुमार के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। आरोपी के अनुसार, सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद आरोपी ग्राम सेमी स्थित सुमित के डेरे पर पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। सुमित ने उसे पुलिस चौकी चलने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। सुमित के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उस पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, सुमित की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी अशोक कुमार को आरोपी ने धमकी देकर वहां से भगा दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद अशोक कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ग्राम सेमी में घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार (28), पुत्र हयात राम, निवासी ग्राम गोठिंडा जूनिधार, डाकघर चेपड़ो, थाना थराली, जनपद चमोली को 16 अक्टूबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह नेगी, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा, उपनिरीक्षक वीरपाल नेगी, हेड कांस्टेबल प्रकाश कंडवाल, हेड कांस्टेबल राकेश पोखरियाल, हेड कांस्टेबल सतीश गुसाईं, हेड कांस्टेबल दर्शन और कांस्टेबल संतोष चौहान शामिल रहे।

 

देवभूमि खबर

Related articles