नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश, आपदा प्रभावितों के पुनर्वास और स्वदेशी अभियान पर मुख्यमंत्री धामी का जोर

नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश, आपदा प्रभावितों के पुनर्वास और स्वदेशी अभियान पर मुख्यमंत्री धामी का जोर
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में नकली दवाइयों के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारियों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धराली आपदा से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास, राहत और आजीविका सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में सचिव राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति को शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश के अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर पुनर्वास और राहत कार्य किए जाएंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बड़े स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों और उपकरणों को प्राथमिकता दी जाए तथा सरकारी आयोजनों में स्थानीय उत्पादों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में जीएसटी स्लैब में हुए परिवर्तनों से भी स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।

राज्य के अग्निवीरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश मुख्यमंत्री धामी ने दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में समय-समय पर अग्निवीरों को समुचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दृष्टि पत्र में जनता से किए गए वायदों को पूरा करने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित में लिए गए संकल्पों पर और तेजी से काम किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभावनाओं और जनआकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक श्री ए.पी. अंशुमान, सचिव एवं गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडेय, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles