एटीआई नैनीताल में होगा चिन्तन शिविर-2025, आगामी पाँच वर्षों के विकास रोडमैप पर होगा मंथन : विनोद गोस्वामी

पिथौरागढ़। आगामी 11 से 13 सितम्बर 2025 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले चिन्तन शिविर-2025 के संबंध में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इसमें जनपद स्तरीय विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय चिन्तन शिविर का आयोजन उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी (ATI) नैनीताल में किया जा रहा है। शिविर का मुख्य विषय “Socio-Economic Progress & Future Goals” निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत आगामी पाँच वर्षों के लिए अल्पकालिक (0–6 माह), मध्यकालिक (6 माह–2 वर्ष) तथा दीर्घकालिक (2–5 वर्ष) रोडमैप एवं कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
शिविर में पाँच प्रमुख थीम्स पर मंथन होगा—
-
शहरों का रूपांतरण : गतिशीलता, शासन और सतत जीवन
-
ग्रामीण उद्यमिता एवं प्रतिवर्ती प्रवास : प्राथमिक क्षेत्र के हस्तक्षेप
-
पर्यटन और स्वास्थ्य
-
युवा जुड़ाव, कौशल विकास एवं रोजगारपरकता
-
सतत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन
इसके साथ ही जनपद के जिला घरेलू उत्पाद (District Domestic Product) को आगामी पाँच वर्षों में दोगुना करने, अधिक रोजगार सृजन, कृषकों की आय वृद्धि तथा समावेशी विकास हेतु रणनीति प्रस्तुत की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपरोक्त विषयों पर वर्तमान स्थिति, आगामी रोडमैप और ठोस कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करें। उन्होंने वन एवं पर्यटन विभाग को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 10–15 ट्रैक रूट पर भोजपत्र के वृक्ष विकसित करने तथा सभी विभागों को शहर को स्मार्ट एवं विकसित बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, डीडीओ रमा गोस्वामी, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजन प्रसाद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

