राष्ट्रीय फलक पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं प्रवासी उत्तराखंडी: डॉ. धन सिंह रावत
मुम्बई। सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने महाराष्ट्र प्रवास के दौरान रविवार को मुंबई में उत्तरांचल महासंघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उन्होंने महाराष्ट्र में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को सम्मानित किया। इसके अलावा डॉ. रावत ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा के विभिन्न संस्थानों का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।
राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. रावत ने कहा कि राष्ट्रीय फलक पर पहाड़ की प्रतिभाएं अपना लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्रतिभाएं जहां भी जाती हैं, अपनी मेहनत, ज्ञान और संस्कारों की बदौलत नई पहचान और सम्मान अर्जित करती हैं। आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी प्रवासी उत्तराखंडी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों ने मुंबई जैसे महानगर में रहकर भी अपनी जड़ों को नहीं भुलाया है, जो सबसे प्रेरणादायी है। उन्होंने महाराष्ट्र के शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों और शिक्षाविदों को सम्मानित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखंड शिक्षा के क्षेत्र में कई पहलुओं पर काम कर रहा है, ताकि प्रदेश के नौनिहालों को उच्च कोटि की शिक्षा उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की अपील भी की।
कार्यक्रम में डॉ. रावत ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले 5 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इनमें क्रिकेटर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और भारतीय सेना में चयनित छात्र शामिल रहे।

