वाल्मीकि गैंग से सांठगांठ रखने वाले दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, STF SSP का सख्त संदेश – गैंग को जड़ से करेंगे खत्म
देहरादून।उत्तराखंड एसटीएफ ने मनीष बॉलर मामले में बड़ा खुलासा करते हुए कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि गैंग से जुड़े दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने साफ कहा है कि अपराधियों से सांठगांठ रखने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि वाल्मीकि गैंग को पूरी तरह नेस्तनाबूत किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ द्वारा पदभार संभालते ही इनामी और वांछित अपराधियों के साथ-साथ संगठित गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं आदेशों के तहत एसटीएफ लगातार बड़ी कार्रवाइयाँ कर रही है। हाल ही में एसटीएफ ने प्रवीण वाल्मीकि गैंग के सक्रिय सदस्य मनीष बॉलर और पंकज अष्टवाल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में फर्जी दस्तावेजों और संपत्ति कब्जाने के खेल का खुलासा हुआ था, जिसमें एक महिला निर्देश पत्नी कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। अब जांच में दो पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने पर उन पर शिकंजा कसा गया है।
प्रकरण रुड़की क्षेत्र के ग्राम सुनेहरा की करोड़ों की संपत्ति से जुड़ा है। वर्ष 2014 में श्याम बिहारी की मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति को हड़पने की नियत से प्रवीण वाल्मीकि गैंग ने कई गंभीर अपराध किए। वर्ष 2018 में श्याम बिहारी के भाई कृष्ण गोपाल की हत्या कर दी गई। फिर 2019 में रेखा के भाई सुभाष पर गोली चलवाई गई। डर के कारण परिवार ने क्षेत्र छोड़ दिया। बाद में गैंग ने फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाकर संपत्ति बेच डाली।
एसटीएफ की विवेचना में सामने आया कि पिथौरागढ़ में तैनात पुलिस के दो आरक्षी शेर सिंह और हसन जैदी गैंग से मिले हुए थे। इनके आपराधिक संपर्कों के प्रमाण के रूप में जेल मुलाकात, कॉल डिटेल्स और पीड़ित पक्ष को डराने-धमकाने के साक्ष्य मिले हैं। शेर सिंह ने रुड़की कोर्ट में प्रवीण वाल्मीकि से पीड़ित पक्ष की मुलाकात कराई थी, जबकि हसन जैदी ने पीड़िता रेखा के पुत्र सूर्यकांत को अस्पताल में धमकाकर संपत्ति बेचने का दबाव बनाया।
गिरफ्तार पुलिसकर्मी—
- शेर सिंह पुत्र स्व. दल सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम बहादरपुर जट, जिला हरिद्वार।
- हसन अब्बास जैदी पुत्र स्व. तालीब अली, उम्र 46 वर्ष, निवासी खेरवा जलालपुर, तहसील सरधना, जिला मेरठ।
एसटीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने दोहराया कि संगठित अपराध के खिलाफ यह जंग जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर अपराधियों से मिलीभगत करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
