अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश

अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अतिवृष्टि से प्रभावित देहरादून जनपद के मालदेवता क्षेत्र एवं केसरवाला का स्थलीय निरीक्षण कर वहाँ की स्थिति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए और स्थानीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में सड़कों, पुलों और सरकारी संपत्तियों को भारी क्षति पहुँची है, जिसका सीधा असर आमजन के जीवन पर पड़ा है। उन्होंने निर्देश दिए कि अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र सुचारू किया जाए और पेयजल व बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए।

उन्होंने बताया कि शासन और प्रशासन की टीमें निरंतर फील्ड में सक्रिय हैं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में जुटे हैं। साथ ही नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे राज्य आपदा परिचालन केंद्र और जिलों की परिस्थितियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ विधायक श्री उमेश शर्मा ‘काऊ’, गढ़वाल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles