आपदा प्रबंधन को समर्पित रहा मुख्यमंत्री धामी का 50वां जन्मदिवस

आपदा प्रबंधन को समर्पित रहा मुख्यमंत्री धामी का 50वां जन्मदिवस
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने 50वें जन्मदिवस (16 सितम्बर) पर जश्न और औपचारिक आयोजन से दूरी बनाते हुए पूरा दिन प्राकृतिक आपदा प्रबंधन और जनसमस्याओं के समाधान में लगाया। मुख्यमंत्री ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वे अपना जन्मदिन सादगी और सेवा भाव के साथ मनाएंगे और कार्यकर्ताओं व समर्थकों से भी इस दिशा में सहयोग करने की अपील की थी।

सुबह होते ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से अतिवृष्टि और आपदा की खबरें आने लगीं। मुख्यमंत्री धामी ने तत्काल जिलाधिकारियों से संपर्क साधा और नुकसान की जानकारी ली। सुबह नौ बजे से पहले ही वे देहरादून के आपदा प्रभावित मालदेवता क्षेत्र पहुंच गए और वहां हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक्टर पर चढ़कर प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास से प्रदेशभर की तहसीलों में आयोजित तहसील दिवस कार्यक्रमों में वर्चुअल प्रतिभाग किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस जनता की समस्याओं को सुनने और उनका निस्तारण करने का सबसे सशक्त मंच है। सरकार का लक्ष्य है कि हर शिकायत का निश्चित समय सीमा में समाधान हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हो रही अतिवृष्टि से जनजीवन पर गहरा असर पड़ा है। सरकार और प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है और आपसी समन्वय के साथ राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति की समस्या अनदेखी न हो और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सहायता दी जाए।

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और देशभर के कई मुख्यमंत्रियों व केंद्रीय मंत्रियों ने शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण के साथ देवभूमि की प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल खट्टर, डॉ. मनसुख मांडविया, उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहनलाल यादव, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई गणमान्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

देवभूमि खबर

Related articles