बदरीनाथ–केदारनाथ धामों में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विशेष पूजा-अर्चना, सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ
देहरादून।श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम सहित श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधीन सभी मंदिरों में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को विशेष पूजा-अर्चना और हवन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर मंदिर परिसरों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
इससे पहले 16 सितंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर धामों में प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम की शुरुआत हुई थी।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता एवं बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आपदा राहत, विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर और दिव्यांगजनों की सहायता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र-निर्माण और विकास के लिए पूर्णतः समर्पित हैं। विश्वकर्मा जयंती के दिन उनका जन्मदिन मनाया जाना और भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है और उत्तराखंड के चारधाम से उनका विशेष लगाव रहा है।
बीकेटीसी और प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ जीवन की कामना करते हुए बदरीनाथ, केदारनाथ और सभी अधीनस्थ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई और हवन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत धामों में पालीथीन हटाओ अभियान और स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

