मरीजों की जान पर आया संकट; डीएम ने संभाली कमान, 13 पेंशेंट का ट्रांसशिपमेंट कर सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल
देहरादून।अतिवृष्टि के कारण मसूरी रोड का एक हिस्सा वाशआउट होने से मसूरी का देहरादून से सीधा सम्पर्क टूट गया। इस दौरान डायलिसिस और गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों के समक्ष जीवनरक्षक उपचार का संकट खड़ा हो गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मसूरी के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने तत्काल पहल करते हुए मरीजों को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाने का अभियान चलाया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर मसूरी के उप जिलाधिकारी राहुल कुमार के नेतृत्व में 13 मरीजों को वाहन के माध्यम से लाया गया। सड़क क्षतिग्रस्त हिस्से से उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने फोर्स और राजस्व कर्मचारियों की मदद से ट्रांसशिपमेंट कर मरीजों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें देहरादून अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रांसशिपमेंट कराए गए मरीजों में 9 डायलिसिस पेंशेंट, 1 हार्ट अटैक पीड़ित, 1 हेड इंजरी मरीज, 1 फैक्चर (मेटाकार्पल बोन) और एआरडीएएस से पीड़ित 1 वर्ष का शिशु शामिल था। इन सभी को समय पर उपचार की तत्काल आवश्यकता थी।
जिलाधिकारी ने प्रारंभिक रूप से मरीजों को एयरलिफ्ट करने की योजना बनाई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण यह संभव नहीं हो सका। ऐसे में प्रशासन ने जमीनी स्तर पर तुरंत कार्यवाही करते हुए उप जिलाधिकारी मसूरी और उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी को जिम्मेदारी सौंपी और मरीजों को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाया गया।
जिला प्रशासन की तत्परता और टीम वर्क से मरीजों की जान बचाई जा सकी। कठिन भौगोलिक परिस्थिति और मौसम की बाधाओं के बावजूद प्रशासन ने संवेदनशीलता और तेज़ी दिखाते हुए गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया।
