भ्रष्टाचार व जिलाधिकारी के साथ बदजुबानी के खिलाफ सख्त हुआ जन संघर्ष मोर्चा, मंत्री जोशी को कैबिनेट से बाहर करने की मांग

भ्रष्टाचार व जिलाधिकारी के साथ बदजुबानी के खिलाफ सख्त हुआ जन संघर्ष मोर्चा, मंत्री जोशी को कैबिनेट से बाहर करने की मांग
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रेस वार्ता कर कृषि मंत्री गणेश जोशी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी सविन बंसल से जिस प्रकार मंत्री ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, वह अत्यंत निंदनीय है। जिलाधिकारी ने शालीनता के साथ उसी भाषा में जवाब देकर मंत्री के मुंह पर तामाचा मारा है, जो काबिल-ए-सराहना है।

नेगी ने कहा कि जिलाधिकारी हर समय आपदा प्रभावित क्षेत्रों और जन समस्याओं के समाधान के लिए ग्राउंड जीरो पर डटे रहते हैं। ऐसे अधिकारी के खिलाफ पब्लिकली बदजुबानी करना कतई बर्दाश्त योग्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरा प्रशासन और पुलिस अमला आपदा में राहत व बचाव कार्यों में जुटा है। ऐसे समय में जिलाधिकारी पर सवाल उठाना बेहद शर्मनाक है।

नेगी ने सवाल उठाया कि अगर जिलाधिकारी घर पर आराम कर रहे होते, तो शिकायत की कोई गुंजाइश हो सकती थी। लेकिन जब वे हर वक्त मौके पर मुस्तैद हैं, तो फिर मंत्री की बदजुबानी का क्या औचित्य है? उन्होंने कहा कि मंत्री के रंग-ढंग बदलने की जरूरत है और सरकार को सोचना चाहिए कि ऐसे व्यक्तियों को क्यों संरक्षण दिया जा रहा है।

फोन न उठाने की बात को लेकर मंत्री का रवैया भी गलत ठहराते हुए नेगी ने कहा कि यह विषय उचित समय पर उठाया जा सकता था, लेकिन सार्वजनिक रूप से अपमानजनक टिप्पणी करना प्रदेश की गरिमा को ठेस पहुंचाना है।

उन्होंने मंत्री को “महाभ्रष्ट” बताते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15-20 वर्षों में उन्होंने सैकड़ों करोड़ की अघोषित संपत्ति अर्जित की है। ऐसे व्यक्ति का कैबिनेट में बने रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। नेगी ने कहा कि जो मंत्री कभी दाने-दाने को मोहताज थे, आज अरबपति कैसे बन गए – इसकी जांच होनी चाहिए।

मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि ऐसे भ्रष्ट, नकारा और बदजुबान मंत्री को तत्काल कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।

देवभूमि खबर

Related articles