करुणामयी पहल: रात्रि में भटक रही वृद्धा को पौड़ी पुलिस ने सुरक्षित लौटाया परिवार तक

करुणामयी पहल: रात्रि में भटक रही वृद्धा को पौड़ी पुलिस ने सुरक्षित लौटाया परिवार तक
Spread the love

पौड़ी। 19 सितम्बर 2025 की रात्रि को कोतवाली पौड़ी पर 112 नंबर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक 92 वर्षीय बुजुर्ग महिला बस अड्डा पौड़ी पर अकेली और असहाय अवस्था में भटक रही हैं। महिला स्वयं को सत्येश्वरी बता रही थीं, लेकिन स्मृति-लोप (कम याददाश्त) की समस्या के कारण अपना पूरा पता बताने में असमर्थ थीं।

सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। वृद्धा की थरथराती आवाज़, उलझी हुई बातें और खोई हुई नज़रें स्पष्ट कर रही थीं कि वह बेहद परेशान और असहाय हैं। महिला केवल सत्याखाल नाम ही याद कर पा रही थीं। पुलिस ने हार न मानते हुए आसपास के लोगों, ग्राम चौकीदारों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क किया।

अथक प्रयासों के बाद यह जानकारी मिली कि महिला बेला गाँव निवासी हैं और उनके पुत्र का नाम जयदेव सिंह है। इसके बाद पुलिस टीम ने परिवार की तरह उन्हें सहारा दिया और गाँव तक सुरक्षित पहुँचाकर पुत्र के सुपुर्द कर दिया।

अपनी बिछड़ी माँ को देखकर पुत्र की आँखों में आँसू आ गए। परिवार ने इस मानवीय कार्य के लिए पौड़ी पुलिस का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।

देवभूमि खबर

Related articles