स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता बेहाल, जलभराव और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल

स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता बेहाल, जलभराव और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल
Spread the love

देहरादून। देहरादून में स्मार्ट सिटी परियोजना के नाम पर चल रहे कार्यों की धीमी गति और अव्यवस्थाओं के खिलाफ उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं युवा नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में हल्ला बोल किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं के तत्काल समाधान की मांग को लेकर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी कार्यालय, कोलागढ़ को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि बरसात के मौसम में देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव, खराब ड्रेनेज सिस्टम, बंद एवं क्षतिग्रस्त नालियों तथा बदहाल सड़कों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर वर्षों से निर्माण और खुदाई के कार्य चल रहे हैं, लेकिन जनता को बेहतर सुविधाएं मिलने के बजाय कई स्थानों पर अव्यवस्था और आवागमन की समस्या बढ़ गई है।

ज्ञापन के माध्यम से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत की मांग की गई। इसके साथ ही बंद एवं जाम नालियों की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी उठाई गई।

कांग्रेस ने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करने तथा अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण यातायात एवं आवागमन में उत्पन्न हो रही परेशानियों को दूर कर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही क्षतिग्रस्त सार्वजनिक सुविधाओं को भी तत्काल दुरुस्त करने की मांग की गई।

प्रदेश सचिव रितेश छेत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी का उद्देश्य जनता को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान में देहरादून की जनता जलभराव, जाम नालियों, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित निर्माण कार्यों से परेशान है। बरसात के दौरान शहर की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से कागजों के बजाय धरातल पर काम करते हुए जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित में आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का स्थायी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर लाल चंद शर्मा, संजय शर्मा, वीरेंद्र पोखरियाल, गरिमा दसौनी, राजीव पुंज, प्रदीप जोशी, आनंद बहुगुणा, अनिल नेगी, दीप वोहरा, स्वाति नेगी, प्रमोद गुप्ता, राजेश शर्मा, पीयूष जोशी, अनिल बस्नेत, राजेंद्र धवन, विजय शाही, सतीश कुमार, पिया थापा, नितिन रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles