एसटीएफ साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई – Matrimony साइट और निवेश स्कैम में आरोपी गिरफ्तार, ₹17 लाख की ठगी का खुलासा
देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए Matrimony साइट और निवेश स्कैम में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने Bharat Matrimony साइट और व्हाट्सएप के जरिए पीड़ित से संपर्क कर स्वयं को प्रतिष्ठित कंपनी का अधिकारी बताया और विश्वास जीत लिया। इसके बाद निवेश और व्यवसाय के बहाने Aquadin Herbal Oil/पाउडर में पैसा लगाने के नाम पर पीड़ित से व्यक्तिगत व बैंकिंग विवरण हासिल कर लिया। आरोपी ने इन जानकारियों का दुरुपयोग कर पीड़ित के खाते से कुल ₹17,10,000/- की रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर ली।
प्रकरण वर्ष 2021 का है, जिसमें पीड़ित निवासी देहरादून ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान अभियुक्त रमेश भाटी पुत्र घेवर राम निवासी 07 पोपा भारती, निकट PNB बैंक भारती सोसाइटी, थाना कोंडवा, पुणे शहर, महाराष्ट्र का नाम सामने आया। अदालत द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद एसटीएफ ने तकनीकी निगरानी, बैंक खातों की जांच, कॉल डिटेल्स और डिजिटल फुटप्रिंट्स का विश्लेषण करते हुए उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से फर्जी पहचान पत्र, अलग-अलग मोबाइल नंबर और विभिन्न बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी करता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके। उसे माननीय न्यायालय, देहरादून में पेश कर भा.दं.सं. की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अग्रिम कार्यवाही की गई।
मामले की विवेचना अधिकारी निरीक्षक विकास भारद्वाज ने की। ।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी लोकलुभावने ऑफर, फर्जी निवेश साइट, टिकट बुकिंग या धनराशि दोगुनी करने के झांसे में न आएं। अनजान कॉल, वेबसाइट या सोशल मीडिया संपर्कों की सत्यता की जांच किए बिना अपनी व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी ऑनलाइन ठगी की आशंका होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क करें और वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
गिरफ्तारी में उप निरीक्षक राजेश ध्यानी, महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा और कांस्टेबल अभिषेक शामिल रहे

