रुद्रप्रयाग पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज चन्द्रापुरी में किया साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रुद्रप्रयाग ।थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि कुलदीप पन्त के नेतृत्व में तथा मुख्य आरक्षी कैलाश सिंह की उपस्थिति में राजकीय इंटर कॉलेज चन्द्रापुरी में साइबर अपराध और सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अध्यापकों एवं स्टाफ को विभिन्न सामाजिक और सुरक्षा विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही फर्जी वीडियो कॉल, साइबर फ्रॉड से बचने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। महिला उत्पीड़न की घटनाओं की शिकायत के लिए 1090 (महिला हेल्पलाइन) और 112 (आपातकालीन नंबर) की जानकारी दी गई, वहीं बच्चों के प्रति अपराध की शिकायत हेतु 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के बारे में बताया गया।
बच्चों को आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए गुड टच और बैड टच की अवधारणा समझाई गई। कार्यक्रम में छात्रों को उत्तराखण्ड पुलिस एप के बारे में भी जानकारी दी गई तथा एप के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला गया।
