थाना पिरान कलियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई ,दीपावली से पूर्व ₹15-17 लाख के अवैध पटाखे बरामद, टला बड़ा हादसा
हरिद्वार। जिले में दीपावली पर्व से पूर्व थाना पिरान कलियर पुलिस ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध पटाखों का बड़ा भंडार बरामद किया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत लगभग ₹15-17 लाख आंकी गई है। इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में जनपद में अवैध पटाखों के भंडारण व बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को थाना पिरान कलियर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम इमलीखेड़ा स्थित एक घर में घनी आबादी के बीच भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई तथा तहसीलदार रूड़की विकास अवस्थी की उपस्थिति में संयुक्त रूप से छापामारी की गई।
तलाशी के दौरान घर के दो कमरों में 35 बड़ी गत्ते की पेटियों में भरे विभिन्न प्रकार के अवैध पटाखे बरामद हुए। मौके पर मौजूद व्यक्ति से पटाखों के भंडारण का लाइसेंस मांगा गया, जो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से हिरासत में लेकर बरामद पटाखों को कब्जे में लिया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी हरिद्वार ने बताया कि त्योहारों से पूर्व पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध पटाखों की बिक्री व भंडारण पर रोक लगाने हेतु चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध पटाखों से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर थाना क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई गई है। साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री हो रही हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि किसी अप्रिय घटना को होने से पहले रोका जा सके।
शुभम पाल पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम इमलीखेड़ा, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
पुलिस ने 35 गत्ते की पेटियाँ, विभिन्न प्रकार के पटाखे, अनुमानित कीमत ₹15-17 लाख बरामद किए।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, व० उ० नि० बबलू चौहान, उ० नि० पुष्पेन्द्र सिंह, हे० का० संजय रावत, हे० का० राजीव कुमार, का० राहुल चौहान, का० जितेन्द्र सिंह, का० फुरकान अहमद, का० सुनील चौहान, का० चालक नीरज राणा एवं प्रशासनिक अधिकारी में विकास अवस्थी, तहसीलदार रूड़की मय टीम शामिल रहे

