मुकेश अंबानी ने किए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के दर्शन, की चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना, दान किया 10 करोड़

मुकेश अंबानी ने किए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के दर्शन, की चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना, दान किया 10 करोड़
Spread the love

श्री बदरीनाथ/केदारनाथ।प्रसिद्ध उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने आज प्रातः श्री बदरीनाथ धाम के दर्शन किए और इसके बाद पूर्वाह्न में भगवान केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुँचे। उन्होंने दोनों धामों में 10 करोड़ रुपये का दान भी दिया।

श्री बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचने पर मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुकेश अंबानी का भव्य स्वागत किया और उन्हें उत्तराखंडी टोपी भेंट की।

मंदिर दर्शन के बाद अंबानी ने बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में चारधाम यात्रा बहुत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा पड़ावों पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाएँ बहुत प्रभावशाली हैं और इस तरह की सुरक्षा व सुविधा अन्य धार्मिक स्थलों पर कम ही देखने को मिलती है।

मुकेश अंबानी ने कहा कि वे लगभग 20 सालों से उत्तराखंड आ रहे हैं, लेकिन वर्तमान जैसी व्यवस्थाएँ पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने भविष्यवाणी की कि आने वाले 10 सालों में तीर्थ यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

अंबानी ने उत्तराखंड में हाल ही में हुई बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं पर संवेदना व्यक्त की और कहा कि रिलायंस फाउंडेशन हमेशा राज्य के साथ खड़ा रहेगा।

उन्होंने बीकेटीसी अध्यक्ष को बताया कि लाखों तीर्थ यात्री धामों में आते हैं लेकिन किसी को कोई कठिनाई नहीं होती, जिससे स्पष्ट होता है कि उत्तराखंड सरकार का आस्था के प्रति विजन अत्यंत भव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि धामों एवं पर्यावरण की सुरक्षा में वे हमेशा उत्तराखंड सरकार के साथ खड़े रहेंगे।

अंबानी परिवार का श्री बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के सौंदर्यीकरण में लंबे समय से योगदान है। उद्योगपति मुकेश अंबानी की इन मंदिरों में अटूट आस्था एवं श्रद्धा है, जिसके चलते वे हर साल परिवार सहित धामों में दर्शन करने और श्रद्धा के पुष्प अर्पित करने आते हैं।

देवभूमि खबर

Related articles