धामी सरकार के खिलाफ छात्रों और युवाओं की “खुली जंग” — बेरोजगारी और नशे के खिलाफ गांधी पार्क से निकली हुंकार
देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और नशाखोरी की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ आज देहरादून के गांधी पार्क से युवाओं और छात्रों ने एकजुट होकर “खुली जंग” का शंखनाद किया। गांधी पार्क से डिस्पेंसरी रोड स्थित राजीव गांधी जी की प्रतिमा तक निकले इस युवा मार्च का नेतृत्व छात्र नेता श्री हरीश जोशी ने किया।
मार्च में शामिल सैकड़ों युवाओं ने प्रदेश सरकार से तीखे सवाल पूछे — “कब तक उत्तराखंड के नौजवान पेपर लीक, धांधलियों और नशे के जाल में फंसते रहेंगे?” युवाओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एक के बाद एक भर्ती घोटाले सामने आए, लेकिन अब तक जिम्मेदारों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
मार्च के समापन पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल नौकरी या भर्ती का सवाल नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। युवाओं की यह चेतना आने वाले कल में परिवर्तन की गूंज बनेगी।
उन्होंने छात्र नेता हरीश जोशी को अंगवस्त्र पहनाकर इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि धामी सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगारी के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार नशे के फैलते जाल पर आंख मूंदे बैठी है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, महेंद्र नेगी, सुरेंद्र रांगड़, सुशील राठी, राजेंद्र शाह, नवीन रमोला, सोनू हसन, स्वाति नेगी, अंकित, नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य श्याम सिंह चौहान, अनिल नेगी, मोहन काला सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने युवाओं के इस आंदोलन को अपना आशीर्वाद और समर्थन दिया।
युवाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बेरोजगारी और नशे के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।अब युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकेगा।
