डोईवाला के लालतप्पड़ क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल ह-एक फरार

डोईवाला के लालतप्पड़ क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल ह-एक फरार
Spread the love

देहरादून। डोईवाला के लालतप्पड़ क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिलने पर लालतप्पड़ बैरियर पर पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया, इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ की सूचना पर देहरादून शहर और देहात क्षेत्रों में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया। एसएसपी देहरादून स्वयं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए जबकि एक बदमाश जंगल की ओर फरार हो गया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है। घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी डोईवाला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर जौलीग्रांट अस्पताल भेजा गया।

एसएसपी देहरादून ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाश हाल ही में दून अस्पताल के सामने हुई फायरिंग घटना के मुख्य अभियुक्त हैं, जिनके विरुद्ध कोतवाली नगर देहरादून में हत्या के प्रयास का अभियोग दर्ज है। पुलिस ने मौके से एक स्कूटी, दो तमंचे, जिंदा और खोखे कारतूस बरामद किए हैं।

घायल बदमाशों की पहचान सोहेल खान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी ई.सी. रोड करनपुर देहरादून (उम्र 25 वर्ष) और शानू पुत्र नौशाद निवासी चावला चौक नालापानी रोड करनपुर देहरादून (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है। फरार अभियुक्त की तलाश में पुलिस द्वारा जंगल क्षेत्र में चेकिंग और कांबिंग अभियान जारी है।

एसएसपी देहरादून ने स्वयं जोगीवाला चौकी पहुंचकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग का जायजा लिया।

देवभूमि खबर

Related articles