16 जुलाई को मसूरी में निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा, श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

16 जुलाई को मसूरी में निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा, श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
Spread the love

मसूरी। मधुबन आश्रम, ऋषिकेश एवं श्रद्धालुओं के संयुक्त तत्वावधान में 16 जुलाई को मसूरी में भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा महामहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। धार्मिक उत्सव को लेकर शहर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजकों ने बताया कि रथयात्रा दोपहर 12 बजे सनातन धर्म मंदिर से प्रारंभ होकर माल रोड होते हुए लक्ष्मी नारायण मंदिर और गांधी चौक तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के सुसज्जित रथ नगर भ्रमण करेंगे। संपूर्ण यात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और जयघोष के साथ भगवान का स्वागत करेंगे।
आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां चल रही हैं। समिति ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन करने और रथ खींचने का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का संदेश भी देगा।

रथयात्रा से पूर्व मसूरी में हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच भजन-कीर्तन करते हुए भक्तिरस में सराबोर दिखाई दिए।

इस अवसर पर परमानंद दास जी महाराज, अजीत यादव, मुकुल शर्मा, हर्ष कौशल, रजत अग्रवाल, नागेंद्र उनियाल, सुनील शर्मा, सोनू प्रताप, राहुल बिष्ट, दीपक गुप्ता, अशोक अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles