चमोली पुलिस ने सोलर प्लांट से 3.50 लाख की चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; सोलर इन्वर्टर बरामद

चमोली। चमोली पुलिस ने सोलर प्लांट से लाखों रुपये के उपकरण की चोरी का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर बरामद किया है। बरामद इन्वर्टर की अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को ग्राम लासी निवासी हरीश चंद्र शेखर, जो S&S Energy Systems Pvt. Ltd. में साइट सुपरवाइजर हैं, ने कोतवाली चमोली में तहरीर देकर बताया कि ग्राम लासी में स्थापित 200 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट से अज्ञात व्यक्ति 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी जांच, स्थानीय स्तर पर पूछताछ तथा सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपी की पहचान की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने ग्राम लासी निवासी अंकित सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र भट्ट, उपनिरीक्षक संपूर्णानंद जुयाल, हेड कांस्टेबल पुष्कर, हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह, कांस्टेबल अमित भंडारी एवं पीआरडी जवान राकेश शामिल रहे।

