विजडम एकेडमी की मेगा क्विज प्रतियोगिता संपन्न, जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को किया सम्मानित

अल्मोड़ा। विजडम एकेडमी द्वारा आयोजित मेगा क्विज प्रतियोगिता-2026 का सफल आयोजन किया गया। पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक के कार्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विजेता प्रतिभागियों को बिट्टू कर्नाटक और विनीत बिष्ट ने संयुक्त रूप से मेडल, प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, अध्ययन के प्रति रुचि तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना था। विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने कठिन प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान ही पर्याप्त नहीं, बल्कि सामान्य ज्ञान, तार्किक सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें बड़े मंचों के लिए तैयार करती हैं। वहीं मुख्य अतिथि विनीत बिष्ट ने कहा कि शिक्षा के साथ बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।
विजडम एकेडमी के संस्थापक एवं संचालक प्रेम कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करना है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखने की बात कही।
जूनियर वर्ग में संस्कार भाकुनी (कक्षा 5, सरस्वती शिशु मंदिर, अल्मोड़ा) प्रथम, आदित्य (कक्षा 7, सरस्वती शिशु मंदिर) द्वितीय तथा दीपांशु (कक्षा 8, सरस्वती शिशु मंदिर) तृतीय स्थान पर रहे।
सीनियर वर्ग में हर्षित गुरुरानी (कक्षा 12, जीआईसी अल्मोड़ा) प्रथम, कार्तिक बगड़वाल (कक्षा 10, केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा) द्वितीय तथा आंचल कुमारी (कक्षा 10, केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा) तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में दीप कर्नाटक, रमेश जोशी, कमलेश कर्नाटक, मनोज तिवारी, अमर बोरा, देवेंद्र भट्ट एवं हिमांशु तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में रश्मि कांडपाल, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता, पंकज कुमार, विवेक रावत, धीरज, तनुजा, रोहित, अनीता एवं मनीष का विशेष योगदान रहा। अभिभावकों और शिक्षकों ने विजडम एकेडमी की इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।

