यातायात व्यवस्था को परखने अल्मोड़ा नगर भ्रमण पर निकले डीएम और एसएसपी-दोपहिया चालकों को बांटे निःशुल्क हेलमेट, दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

यातायात व्यवस्था को परखने अल्मोड़ा नगर भ्रमण पर निकले डीएम और एसएसपी-दोपहिया चालकों को बांटे निःशुल्क हेलमेट, दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
Spread the love

अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी अल्मोड़ा श्री अंशुल सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पींचा ने नगर भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करते हुए निःशुल्क हेलमेट वितरित किए और लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं हेलमेट का उपयोग करें तथा अपने परिवारजनों, मित्रों और परिचितों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट न केवल कानूनी आवश्यकता है बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच भी है।

डीएम और एसएसपी ने निर्माणाधीन केमू स्टेशन का भी निरीक्षण किया और वहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही नई बनी पार्किंग स्थलों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए।

दोनों अधिकारियों ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आम नागरिकों के सहयोग से इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।

इस अवसर पर एसडीएम सदर श्री संजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा श्री योगेश चंद्र उपाध्याय, निरीक्षक एलआईयू श्री मनोज भारद्वाज, प्रभारी यातायात निरीक्षक श्री दरबान सिंह मेहता, इंटरसेप्टर प्रभारी श्री सुमित पाण्डे सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles