नशा तस्करों पर दून पुलिस के शिकंजा, 52 लाख की स्मैक बरामद
देहरादून। नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 173.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 52 लाख रुपये आंकी गई है।
“ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” के मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के क्रम में विकासनगर थाना पुलिस द्वारा 14–15 नवंबर की रात चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान देहरादून रोड स्थित हरबर्टपुर–विकासनगर बस अड्डे के गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान आरिफ पुत्र लुकमान, निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर, देहरादून (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 173.33 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK 07AB-1985) को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। आरिफ के खिलाफ थाना विकासनगर में NDPS एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक कार्रवाई में भेज दिया गया।
आरिफ ने पूछताछ में बताया कि वह यह स्मैक खुशहालपुर निवासी मेहराज से लेकर आया था, जिसे वह पहाड़ी जिलों से आने वाले ग्राहकों और स्थानीय नशे के आदी लोगों को बेचने वाला था। पुलिस अब मेहराज की तलाश में जुट गई है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त आरिफ पुत्र लुकमान, निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर है। जबकि मेहराज निवासी खुशहालपुर थाना सहसपुर पुलिस के लिए वांछित है। बरामदगी में 173.33 ग्राम स्मैक और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस टीम में निरीक्षक विनोद सिंह गुसाईं, उ.नि. सनोज कुमार, उ.नि. संदीप पंवार, कानि. अनिल सालार और कानि. संजय कुमार शामिल रहे।
