राज्यपाल ने गुरु तेग बहादुर के 350वें शहादत वर्ष पर ‘‘हिन्द की चादर’’ कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, पुस्तक का किया विमोचन

राज्यपाल ने गुरु तेग बहादुर के 350वें शहादत वर्ष पर ‘‘हिन्द की चादर’’ कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, पुस्तक का किया विमोचन
Spread the love

देहरादून:राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को राजभवन में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित “हिन्द की चादरः एक सर्वोच्च बलिदान गाथा” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर गुरमत संगीत बाल विद्यालय, ऋषिकेश के बच्चों ने गुरु तेग बहादुर के जीवन और बलिदान की अमर गाथा को संगीत और शबद के माध्यम से भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। कार्यक्रम में गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और शहादत पर आधारित पुस्तक “गुरु तेग बहादुर” का विमोचन भी किया गया।

राज्यपाल ने राष्ट्र, मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा हेतु गुरु तेग बहादुर द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को विश्व इतिहास में अद्वितीय बताया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शहादत भारत की आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा का अनुपम उदाहरण है। अत्याचार और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय सिख परंपरा और साहिबजादों के बलिदान के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है। राज्यपाल ने सभी से आह्वान किया कि गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर भारत की एकता, अखंडता और संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।

शहीदी वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज ने गुरु तेग बहादुर को ‘‘हिन्द की चादर’’ बताते हुए कहा कि मानवता, साहस और बलिदान की उनकी परंपरा संपूर्ण विश्व को दिशा देती है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग द्वारा गुरुद्वारा सर्किट विकसित किया गया है, जिसमें हेमकुंड साहिब, नानकमत्ता, ननकाना साहिब और रीठा-मीठा साहिब जैसे प्रमुख तीर्थस्थल शामिल हैं।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 350वें शहीदी वर्ष की स्मृति में उत्तराखण्ड सरकार 19 नवंबर को हल्द्वानी, 20 नवंबर को रुद्रपुर और 21 नवंबर को काशीपुर में कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसका भव्य समापन 24 नवंबर को हरिद्वार संस्कृत विश्वविद्यालय में होगा।

कार्यक्रम में हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती गीता खन्ना, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव अभिषेक रूहेला सहित अनेक गणमान्य लोग तथा विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles