स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं रेड क्रॉस समिति ने किया मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का घेराव

अल्मोड़ा।अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग को लेकर आज अल्मोड़ा के जनप्रतिनिधियों एवं रेड क्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा द्वारा मेडिकल कॉलेज प्राचार्य का घेराव किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में लगातार मिल रही लापरवाही के मामलों पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए जवाब मांगे।
पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज को करोड़ों रुपये की राशि उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के चलते स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल होती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन की लापरवाही को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जनहित में आज प्राचार्य से जवाब तलब किया गया।
कर्नाटक ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार द्वारा हृदय रोगियों के लिए स्वीकृत कैथ लैब के संचालन में मेडिकल कॉलेज की ढिलाई के कारण अब तक भारी विलंब हो रहा है। साथ ही यह भी कहा कि डायलिसिस सेवा प्रारंभ करने से संबंधित आवश्यक फाइलें और कागज़ी कार्यवाही भी प्रशासन द्वारा उच्च स्तर पर अब तक नहीं भेजी गई है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन के दौरान संबंधित डॉक्टरों द्वारा चार यूनिट ब्लड की अनिवार्य मांग को लेकर भी आपत्ति जताई और कहा कि इससे मरीजों के परिजन अनावश्यक रूप से परेशान होते हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की एंबुलेंस सेवा पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कार्डियो एंबुलेंस की खरीद की मांग रखी।
वार्ता के दौरान कई मुद्दों पर सकारात्मक परिणाम सामने आए। प्राचार्य ने बताया कि चार माह के भीतर कैथ लैब प्रारंभ कर दी जाएगी, जिससे हृदय रोगियों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। साथ ही कार्डियो एंबुलेंस और डायलिसिस सेवा पर भी सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
रेड क्रॉस प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने मांग की कि मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों से चिकित्सक बेहतर व्यवहार करें और यदि आवश्यकता पड़े तो चिकित्सकों के लिए प्रतिमाह अनुशासन कक्षा आयोजित की जाए। इसके साथ ही बेस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चार व्हीलचेयर तत्काल रखे जाने की मांग भी की गई, जिस पर प्राचार्य ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जनप्रतिनिधियों और रेड क्रॉस के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही आगे भी जारी रही और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा तो इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, मनोज सनवाल प्रदेश उपाध्यक्ष रेडक्रॉस, हरीश कनवाल, भगवत आर्या (क्षेत्र पंचायत सदस्य), पारू उप्रेती (ग्राम प्रधान), पार्षद अमित साह, अभिषेक जोशी, अर्जुन बिष्ट, कैलाश गुरूरानी, भूपेंद्र सिंह बिष्ट (प्रतिनिधि ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख), रीता दुर्गापाल, पुष्पा सती, आशा कर्नाटक, हरीश बिष्ट, ललित जनौटी, हयात सिंह बिष्ट, देवेंद्र कर्नाटक, हेम जोशी, दिनेश कुमार, ग्राम प्रधान विनोद जोशी, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
प्राचार्य डॉ. सी. पी. भैसोड़ा एवं चिकित्सा अधीक्षक अमित कुमार भी इस मौके पर मौजूद रहे।

