“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत रुद्रप्रयाग की 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर, सैकड़ों समस्याओं का त्वरित समाधान

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत रुद्रप्रयाग की 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर, सैकड़ों समस्याओं का त्वरित समाधान
Spread the love

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग की 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को जनपद के तीन स्थानों—जूनियर हाई स्कूल फलई, राजकीय इंटर कॉलेज मनसूना एवं राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ा—में “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए।

जूनियर हाई स्कूल, फलई जूनियर हाई स्कूल, फलई में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेंद्र सिंह रावत ने की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायती राज/ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य शिविर, राजस्व विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पंजीकरण, राशन कार्ड केवाईसी, एलपीजी केवाईसी सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता की।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उनके निर्देशानुसार ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री अमित रावत ने ग्रामीणों को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) एवं यूसीसी पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी और बताया कि 26 मार्च 2010 के बाद संपन्न विवाहों का पंजीकरण अनिवार्य है।

जनसुनवाई में समस्याओं का निस्तारण जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा 83 समस्याएं रखी गईं, जिनमें से 57 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने बंदरों, सूअरों एवं अन्य जंगली जानवरों की बढ़ती सक्रियता से उत्पन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने वन विभाग को तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त विद्युत, सड़क, आवास, गौशालाओं एवं सौर ऊर्जा से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं। शिविर के दौरान समान नागरिक संहिता के अंतर्गत 14 विवाह पंजीकरण भी संपन्न कराए गए।

मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेंद्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार ऐसे उद्देश्यपरक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं को उनके क्षेत्र में जाकर सुना जा सके और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने “मेरी योजना” पुस्तक एवं भूकंप जैसी आपदाओं से प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए ‘भूदेव मोबाइल एप’ डाउनलोड करने की भी अपील की।

राजकीय इंटर कॉलेज, मनसूना राजकीय इंटर कॉलेज, मनसूना में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी उखीमठ श्री अनिल शुक्ला ने की। यहां जनसुनवाई के दौरान 20 से अधिक समस्याएं रखी गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

राजकीय इंटर कॉलेज, चोपड़ा राजकीय इंटर कॉलेज, चोपड़ा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री सोहन सिंह सैनी ने की। जनसुनवाई में 136 समस्याएं सामने आईं, जिनमें से 100 समस्याओं का निस्तारण तत्काल किया गया।

इन बहुउद्देशीय शिविरों का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

शिविरों में ग्राम प्रधान फलई श्री प्रकाश चंद्र, पूर्व प्रधान श्री विजय पाल राणा, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि श्री सुरेश शाह, मुख्य कृषि अधिकारी श्री लोकेन्द्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री टी.आर. मलेठा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग श्रीमती मीनल गुलाटी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री प्रमेन्द्र बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी श्री के.एस. कोहली, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles