अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ का द्विवार्षिक जिला सम्मेलन संपन्न, शिव सिंह रावत अध्यक्ष एवं नवीन बडोनी महामंत्री निर्वाचित

अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ का द्विवार्षिक जिला सम्मेलन संपन्न, शिव सिंह रावत अध्यक्ष एवं नवीन बडोनी महामंत्री निर्वाचित
Spread the love

नई टिहरी। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखण्ड का द्विवार्षिक जिला सम्मेलन एवं शैक्षिक विचार गोष्ठी प्रांतीय संरक्षक चिंतामणि सेमवाल की अध्यक्षता में नई टिहरी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने संघ को कार्यक्रम की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होता है और समाज के सर्वांगीण विकास का मार्ग शिक्षकों के माध्यम से ही प्रशस्त होता है।

उन्होंने कहा कि सरकार अशासकीय शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा संघ को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। संघ की ओर से विधायक को पुष्पगुच्छ एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में प्रांतीय संरक्षक चिंतामणि सेमवाल एवं जयप्रकाश बहुगुणा ने अशासकीय शिक्षकों के संघर्षों और वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया।

प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण ने सम्मेलन में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाए बिना मांगों और समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।

प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने शासन स्तर पर लंबित विभिन्न मांगों एवं उनके निस्तारण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।

सम्मेलन में देहरादून जनपद से जिलाध्यक्ष अनिल नौटियाल, जिला मंत्री विजयपाल जगवाण, जिला उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, संयुक्त मंत्री गिरीश सेमवाल, प्रवक्ता धनंजय उनियाल सहित पौड़ी जनपद से जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, महामंत्री मंगल सारंग, कोषाध्यक्ष धर्मेन्द्र कैंतुरा, उपाध्यक्ष वीरेन्द्र मुंडेपी, प्रांतीय मंत्री सुनील मुंडेपी तथा मंडलीय मंत्री बाल मनोज सिंह आदि उपस्थित रहे।

जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार रखते हुए संगठन के माध्यम से समस्याओं के समयबद्ध समाधान की अपेक्षा जताई।
सम्मेलन के दौरान चुनाव अधिकारी देवेन्द्र कुमार एवं पर्यवेक्षक कपूर सिंह पंवार की देखरेख में जिला कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें सर्वसम्मति से शिव सिंह रावत को जिलाध्यक्ष, नवीन बडोनी को महामंत्री, राजेश बहुगुणा को कोषाध्यक्ष, उत्तम सिंह बिष्ट एवं कुलदीप फोंदणी को जिला उपाध्यक्ष, श्रीमती अनुराखी बौद्ध को महिला जिला उपाध्यक्ष, गोविंद सिंह को संयुक्त मंत्री, मनोज रमोला को मीडिया प्रभारी तथा निवर्तमान जिलाध्यक्ष विनोद बिजल्वाण को जिला संरक्षक चुना गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बालकृष्ण उपाध्याय ने किया।

देवभूमि खबर

Related articles