पौष माह से शुरू हुई बैठकी होली, विधायक सरिता आर्या व पूर्व विधायक डॉ. जंतवाल ने किया शुभारंभ

Spread the love

रिपोर्ट : ललित जोशी।

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की प्राचीनतम धार्मिक संस्था श्री राम सेवक सभा (स्थापना वर्ष 1918) में पौष माह के प्रथम रविवार से पारंपरिक बैठकी होली का विधिवत शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक सरिता आर्या एवं पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर लोक परंपरा से जुड़े होलियारों ने होली गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पौष माह के पहले इतवार से प्रारंभ होने वाली इस होली को कुमाऊँ अंचल में ‘निर्वाण की होली’ कहा जाता है। यह होली मंदिरों और सभागारों में बैठकर गाई जाती है, जिसमें शास्त्रीय संगीत, लोकगीत एवं पारंपरिक होली पदों का गायन होता है। यह परंपरा आत्मा के मिलन, शुद्धि एवं आध्यात्मिक शांति का प्रतीक मानी जाती है।

बैठकी होली रंगों से नहीं, बल्कि संगीत, राग और भाव से सराबोर होती है। यह होली होली पर्व तक चार चरणों में गाई जाती है, जिनमें प्रमुख रूप से राग भैरवी, पहाड़ी, केदार और बसंत शामिल हैं। गणेश वंदना से आरंभ होने वाली यह परंपरा ठंड के मौसम में सूर्यदेव के प्रकाश, ज्ञान और आराधना से भी जुड़ी मानी जाती है। इसी काल में भगवान को रोड भेंट अर्पित करने की परंपरा भी निभाई जाती है।
बसंत पंचमी के बाद होली गायन में श्रृंगार रस का समावेश हो जाता है। ‘निर्वाण की होली’ को भगवान को समर्पित किया जाता है, जिसमें रंग नहीं उड़ाए जाते, बल्कि भक्ति और संगीत के माध्यम से आनंद एवं निर्वाण की अनुभूति की जाती है।

आज के शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, जहूर आलम, संरक्षक घनश्याम साह, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने दीप प्रज्वलन किया। विधायक सरिता आर्या ने सभी को बैठकी होली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बावरी, उपसचिव राजेंद्र बिष्ट, प्रबंधक बिमल चौधरी, देवेंद्र लाल साह, राजेंद्र लाल साह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया।

प्रसिद्ध होलियारों नरेश चम्याल, सतीश पांडे, अजय कुमार, मनोज पांडे, रक्षित साह, नवीन बेगाना, गिरीश भट्ट, संजू, प्रकाश भट्ट, नीरज सती और राहुल जोशी ने होली गायन से समा बांधा। गणेश वंदना के उपरांत “सब सखियांन में राधा”, “मैया के मंदिरवा में”, “शिव शंकर को ध्यान”, “अपने राम को मनाऊं”, “मालिक सीता राम” जैसे पारंपरिक पदों से होली का शुभारंभ हुआ।

इस मौके पर गिरीश जोशी, गोविंद सिंह, ललित साह, डॉ. रेखा साह, सुषमा डंडरियाल, हरीश राणा, अमर साह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

सैलानियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, सभी थाना प्रभारियों को निर्देश — एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी

Spread the love रिपोर्ट : ललित जोशी। नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल एवं इसके आसपास आने वाले सैलानियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क और तत्पर रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश […]