नव वर्ष पर यातायात व कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश, मुख्यमंत्री धामी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

नव वर्ष पर यातायात व कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश, मुख्यमंत्री धामी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं कि 30 दिसम्बर 2025 से 05 जनवरी 2026 तक प्रदेश में यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए और बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यटकों व आगन्तुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नव वर्ष 2026 के अवसर पर आवागमन को सुगम बनाने, पर्यटकों की सुविधा, यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा को लेकर सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ये निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा जाए और देवभूमि उत्तराखण्ड में आपराधिक कृत्य करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। उन्होंने पुलिस को नियमित रात्रिकालीन गश्त करने तथा पुलिस के उच्चाधिकारियों को समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों, अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नव वर्ष के अवसर पर सभी जनपदों में यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था, वाहनों के अनियंत्रित संचालन और शराब पीकर वाहन चलाने पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही शराब के ठेकों के आसपास भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा, सुविधा और आतिथ्य राज्य की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चेकिंग के नाम पर आम जनता और पर्यटकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हुए यह व्यवस्था की जाए कि पुलिस पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचे।
देहरादून में सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन विभाग और एमडीडीए की संयुक्त टास्क फोर्स गठित कर निरंतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अन्य जनपदों में भी जहां सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या है, वहां लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित होटल एवं रिसॉर्ट्स में फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही शीतकालीन यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने, पर्यटकों के लिए सूचना केंद्रों की समुचित व्यवस्था करने, स्ट्रीट लाइट और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और प्लास्टिक मुक्त अभियान को गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि इस अभियान में सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के साथ-साथ आम जनता का भी सहयोग लिया जाए।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, डीजीपी श्री दीपम सेठ, प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री शैलेश बगोली, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, गढ़वाल आयुक्त एवं सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय, सचिव श्री धीराज गर्ब्याल, अपर पुलिस महानिदेशक श्री वी. मुरूगेशन, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल सहित शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से आईजी कुमाऊं श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक भी बैठक में शामिल हुए।

देवभूमि खबर

Related articles